जिले के मनगटा स्थित व्हिसलिंग वुड्स रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान मुस्कान तिवारी के रूप में हुई है, जो भिलाई-3 की निवासी थी.

पुलिस के अनुसार, बीती रात रिसॉर्ट में 6-7 युवक और 2 युवतियां ठहरी हुई थीं. इसी दौरान मुस्कान तिवारी की तबीयत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही रिसॉर्ट परिसर में हड़कंप मच गया.
एएसपी की टीम ने शुरू की पूछताछ
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है. मौके पर मौजूद सभी युवकों और युवतियों से पूछताछ की जा रही है. फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और क्राइम ब्रांच की टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
मौत के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में कोई स्पष्ट संकेत नहीं पाए हैं. एएसपी राठौर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों ने निगरानी बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है. पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


