सारंगढ़-बिलाईगढ़। जनपद पंचायत बरमकेला के ग्राम पंचायत बुदबुदा में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर उठे सवाल अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गए हैं। कलेक्टर को की गई लिखित शिकायत के बाद जिला पंचायत प्रशासन ने मामले की विस्तृत सुनवाई और दस्तावेजों की जांच के लिए 22 जून 2026 को दोपहर 12 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में बैठक निर्धारित की है।
जारी आदेश के अनुसार तत्कालीन सरपंच शिवानी सिदार, तत्कालीन सचिव दौलतराम जायसवाल, वर्तमान सरपंच लक्ष्मी पटेल, वर्तमान सचिव पंडितराम सिदार तथा शिकायतकर्ता पत्रकार हेमंत पटेल को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित पक्षों को वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक 15वें वित्त आयोग की राशि से कराए गए कार्यों से जुड़े बिल, वाउचर, देयक, अभिलेख और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत बुदबुदा में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग में कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायतकर्ता हेमंत पटेल ने कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद 15 जून को जिला स्तरीय जांच दल पंचायत भवन पहुंचा, जहां शिकायतकर्ता ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत किए। प्रारंभिक जांच के दौरान खर्च से जुड़े कई सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जांच दल ने पंचायत के रोकड़ पंजी, बैठक पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को जब्त कर लिया था।
अब जिला पंचायत कार्यालय में होने वाली सुनवाई को इस पूरे मामले का अहम चरण माना जा रहा है। जांच समिति दस्तावेजों का मिलान कर यह परखेगी कि शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं और वित्तीय नियमों का पालन हुआ या नहीं। जांच के आधार पर समिति अपनी अनुशंसा जिला प्रशासन को सौंपेगी।
यह मामला पहले से ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों की नजरें अब जिला स्तरीय जांच पर टिकी हैं। लोगों का मानना है कि यदि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से हुई तो पंचायत में हुए खर्च और विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। वहीं शिकायतकर्ता ने भी जांच समिति से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




