सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए कनकबीरा चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक टीकाराम खटकर ने एक बार फिर अपनी सक्रिय पुलिसिंग का परिचय दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर ने अपनी टीम एवं गवाहों के साथ ग्राम बटाऊपाली स्थित खोखरानाला, नेशनल हाईवे-153 पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान सालार की ओर से आ रही एक सफेद स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राकेश कुमार देवांगन (32 वर्ष) निवासी नावापारा चांपा, हाल मुकाम सालार तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम दिवाकर विश्वकर्मा उर्फ दीनू (28 वर्ष) निवासी सालार बताया।
तलाशी के दौरान स्कूटी में रखी प्लास्टिक की बोरी से लगभग 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने अवैध शराब जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 292/26 के तहत धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक हीराधर नाग, भीमसेन सिदार, आरक्षक कुंज बिहारी निराला सहित कनकबीरा चौकी के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में उठाए गए इस कदम की प्रशंसा की है।


