सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 जून 2026। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व नाम जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा, छात्रावास एवं भोजन की सुविधा प्रदान की जाएगी।
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी, जो वर्तमान में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत हैं, वे अपने संबंधित विद्यालय में 20 जून 2026 तक आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
प्रवेश के लिए 5 जुलाई 2026 (रविवार) को जिला एवं विकासखंड स्तर पर दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
प्रवेश परीक्षा के लिए पात्रता
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी का सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का मूल निवासी होना आवश्यक है तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ राज्य के मान्यता प्राप्त अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग का होना चाहिए और उसके पास स्थायी जाति प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आय प्रमाण पत्र एवं निर्धारित प्रारूप में पालक का स्वघोषणा पत्र भी आवश्यक रहेगा। योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा।
ये विद्यार्थी नहीं होंगे पात्र
ग्राम पंचायत मुख्यालय, जनपद पंचायत, नगर पंचायत, नगरपालिका तथा नगर निगम क्षेत्र में संचालित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं होंगे।
जिला प्रशासन ने पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

- सारंगढ़:बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक, दरवाजा तोड़ने पर सामने आई दर्दनाक सच्चाई… - June 18, 2026
- विश्वास और विकास का महाकुंभ: जनकल्याण योजनाओं से जुड़ने उमड़े लोग, मंडी प्रांगण में लगा पंजीकरण शिविर… - June 18, 2026
- महुआ शराब पर आबकारी का शिकंजा, 20 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी जेल भेजा… - June 18, 2026

