सारंगढ़।
इलाके में कानून का खौफ इस कदर खत्म हो चुका है कि अब चोर तिजोरियां तोड़ने के बजाय गुटखा और सिगरेट के पैकेटों पर डाका डाल रहे हैं। कनकबीरा पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम सालर में एक ऐसी ही अजीबोगरीब लेकिन दुस्साहसिक वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। मेन रोड पर स्थित एक प्रतिष्ठित किराना दुकान का ताला चटकाकर अज्ञात चोर हजारों रुपए का नशीला सामान समेट ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सालर निवासी श्याम कुमार अग्रवाल (56 वर्ष) रोज की तरह 15 जून की रात करीब 10 बजे अपनी ‘श्याम किराना एवं जनरल स्टोर्स’ को सुरक्षित ताला लगाकर घर गए थे। लेकिन अगली सुबह जब वे 6 बजे दुकान खोलने पहुंचे, तो नज़ारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शटर पर लगे दोनों ताले गायब थे और शटर आधा खुला हुआ था। चोर इतने शातिर थे कि वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के लिए दुकान के ताले भी अपने साथ उखाड़ ले गए

गल्ले की चिल्हर और ब्रांडेड गुटखा-सिगरेट पर फेरा हाथ-
दुकान के भीतर जब पीड़ित ने जाकर देखा, तो चोरों की ‘लो-लेवल’ पसंद साफ नजर आई। चोरों ने किसी कीमती सामान को हाथ लगाने के बजाय काउंटर और रैक में रखे नशे के सामान को अपना निशाना बनाया। दुकान से कुल मिलाकर निम्नलिखित सामान गायब मिला जिसमें 30 पैकेट ब्रांडेड सिगरेट,
5 पैकेट राजश्री गुटखा,
4 पैकेट विमल पान मसाला, 5 पैकेट आशिकी गुटखा
गल्ले में रखी करीब 700 रुपए की चिल्हर (नकद राशि)
पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने कुल मिलाकर लगभग 5,000 रुपए मूल्य के सामान और नकदी पर हाथ साफ किया है।
सरेराह मेन रोड पर हुई इस चोरी से सालर के व्यापारियों में आक्रोश है। घटना की लिखित शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 341(4) एवं 305(क) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कनकबीरा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नशाखोरों और संदिग्धों की कुंडली खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द इन ‘गुटखा चोरों’ को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
- सालर में किराना दुकान का शटर उखाड़कर गुटखा-सिगरेट बटोर ले गए चोर!कनकबीरा क्षेत्र में दुकानदारों के उड़े होश.. - June 18, 2026
- सारंगढ़ : घर के सामने खड़ी बाइक पार..रायकोना के आधा दर्जन ‘शातिर’ चढ़े पुलिस के हत्थे!मजदूरों की आड़ में रची गई साज़िश..पुलिस की मुस्तैदी से बेनकाब हुआ अंतर-ग्राम चोर गिरोह.. - June 18, 2026
- एक मैच, 4 महारथी और ऐतिहासिक रिकॉर्ड: रोहित, गिल, अय्यर और ईशान का क्रिकेट जगत में नया धमाका, रचा इतिहास.. - June 18, 2026

