सारंगढ़।
इलाके में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे रात के अंधेरे में घर के ठीक सामने से गाड़ियां गायब करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। ऐसा ही एक दुस्साहसिक मामला कोसीर थाना क्षेत्र के ग्राम भदरा से सामने आया है, जहां आधा दर्जन शातिर युवाओं की टोली ने एक ग्रामीण की खुशियों और उसकी कमाई के साधन पर पानी फेर दिया। हालांकि, सरसीवां पुलिस की पैनी नजरों और जांच के आगे चोरों की यह ‘होशियारी’ धरी की धरी रह गई।

नींद में था परिवार-
पीड़ित राजेश महिलाने (32 वर्ष) ने बताया कि वह और उसके पिता खेतों से लकड़ी लाकर उसे ट्रैक्टर के सहारे घर के सामने खाली करवा रहे थे। रात की थकान के बाद पूरा परिवार घर के भीतर गहरी नींद में सो गया। इसी का फायदा उठाकर रायकोना गांव के इन छह युवकों ने घात लगाकर घर के सामने खड़ी कत्था रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो (क्रमांक CG 04 G 9871) पर हाथ साफ कर दिया और रफूचक्कर हो गए।
भाई और पिता के बीच ‘गलतफहमी’ का चोरों ने उठाया फायदा
दिलचस्प बात यह है कि पीड़ित राजेश को दो दिनों तक भनक ही नहीं लगी कि उसकी बाइक चोरी हो चुकी है। उसे लगा कि बाइक उसका भाई श्रवण या फिर उसके पिता लेकर गए हैं। जब तीसरे दिन पिता-पुत्र के बीच बातचीत हुई, तब जाकर इस बड़ी चोरी का भंडाफोड़ हुआ। आनन-फानन में जब पिता सरसीवां थाने पहुंचे, तब तक पुलिस पहले ही इन शातिरों को दबोच चुकी थी।
सलाखों के पीछे पहुंचे रायकोना के 6 आरोपी-
पुलिस की गिरफ्त में आए चोरों की पहचान सार्वजनिक हो चुकी है, जो आसपास के गांवों में अपनी साख का फायदा उठाकर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे जिसमें
भुवनेश्वर टण्डन,दीपक निराला,हेमलाल यादव,मुकेश कुर्रे,सोम साहू,सागर खुंटे हैं।
सरसीवां पुलिस की तत्परता से गाड़ी और चोर दोनों पकड़े गए। इसके बाद कोसीर पुलिस ने तुरंत एक्शन मोड में आते हुए इन सभी आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत संगीन जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस गैंग ने इलाके में और कितनी गाड़ियों को अपना निशाना बनाया है।
- सालर में किराना दुकान का शटर उखाड़कर गुटखा-सिगरेट बटोर ले गए चोर!कनकबीरा क्षेत्र में दुकानदारों के उड़े होश.. - June 18, 2026
- सारंगढ़ : घर के सामने खड़ी बाइक पार..रायकोना के आधा दर्जन ‘शातिर’ चढ़े पुलिस के हत्थे!मजदूरों की आड़ में रची गई साज़िश..पुलिस की मुस्तैदी से बेनकाब हुआ अंतर-ग्राम चोर गिरोह.. - June 18, 2026
- एक मैच, 4 महारथी और ऐतिहासिक रिकॉर्ड: रोहित, गिल, अय्यर और ईशान का क्रिकेट जगत में नया धमाका, रचा इतिहास.. - June 18, 2026

