सारंगढ़। नगर पालिका सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 01 कुटेला में पटेल धर्मशाला से जेल रोड तक बन रही सीसी सड़क के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर सांसद प्रतिनिधि अरुण कुमार यादव (गुड्डू) ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार द्वारा स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
शिकायत पत्र के अनुसार लगभग 61 लाख 82 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत सीसी रोड निर्माण में प्राक्कलन की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से कार्य किया गया है। आरोप है कि निर्माण में गुणवत्ता एवं मात्रा का ध्यान नहीं रखा गया है। वहीं सड़क पर वाहनों के आवागमन के लिए आवश्यक स्थानों पर सही ढंग से ढाल (स्लोपिंग) भी नहीं बनाई गई, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद प्रतिनिधि ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि सड़क निर्माण कार्य में कई अन्य खामियां भी दिखाई दे रही हैं और कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जब तक निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा नहीं हो जाता, तब तक संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोका जाए।
अब इस शिकायत के बाद लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि जांच में अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई के साथ निर्माण कार्य में सुधार की संभावना बढ़ जाएगी।


- सारंगढ़:जशपुर विद्युत सब स्टेशन का निर्माण शुरू, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर… - June 17, 2026
- सारंगढ़:बिजली दरों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हल्ला बोल, बैरिकेड तोड़ CM का फूंका पुतला… - June 17, 2026
- सारंगढ़ मे खबर का असर :आठ पोकलेन मशीन , उन्नीस ट्रैक्टर और एक जेसेबी मशीन को सारंगढ़ खनिज विभाग ने किया जब्त… - June 17, 2026

