सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के झिकीपाली शासकीय शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र की महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। इस मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर सारंगढ़ विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि ग्राम गिण्डोला के मुख्य मार्ग पर संचालित शराब दुकान के कारण गांव का सामाजिक वातावरण लगातार खराब हो रहा है। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीणों का प्रतिदिन आवागमन होता है, जिससे उन्हें असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान के आसपास अक्सर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे छात्राओं और महिलाओं को मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि शराब के बढ़ते प्रभाव के कारण गांव में आए दिन विवाद, मारपीट और अन्य असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। इसका सीधा असर परिवारों और समाज पर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि शराब दुकान की वजह से कई छात्राओं ने स्कूल जाना तक छोड़ दिया है, जो क्षेत्र के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे ने भी महिलाओं की मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से शराब दुकान को वर्तमान स्थान से हटाने की मांग की। वहीं विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शराब दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए अथवा इसे पूर्ण रूप से बंद करने पर विचार किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिलाओं ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे व्यापक और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार, पुरुषोत्तम साहू, संजय दुबे, गणपत जांगड़े, गोपाल बाघे, रामनाथ सिदार, राकेश पटेल, बसंत चौधरी, मीरा बरीहा, सावित्री राणा, कुन्ती राणा, सुकांति सिदार, अनसूया सिदार, अंबिका, सविता, द्रौणाचार्य सिदार, मोती राणा, राधाकांत पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।





