बरमकेला। अघरिया भवन बरमकेला में चौहान समाज ब्लॉक द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया तथा उच्च शिक्षा एवं करियर निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चातुरी नंद थे। विशिष्ट अतिथियों में कुमारलाल चौहान, नरेश चौहान, विद्या किशोर चौहान तथा ब्लॉक अध्यक्ष विषिकेशन चौहान शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र चौहान एवं गोपाल बाघे ने किया।
अपने संबोधन में विधायक चातुरी नंद ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ब्लॉक स्तर पर लगभग 25 मेधावी विद्यार्थी हैं, लेकिन आने वाले वर्षों में यह संख्या सैकड़ों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं डीएमसी नरेश चौहान ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न करियर विकल्पों के संबंध में उपयोगी जानकारी देते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समय का सदुपयोग करने की सीख दी।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला।
समारोह को सफल बनाने में संकीर्तन नंद, देवराज दीपक, सुभाष चौहान, चमरा चौहान एवं कमल चौहान सहित अनेक समाजजनों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. गोविंद चौहान, डॉ. किशोर चौहान, पुनीत राम चौहान, विजय कांटे, गनेशी चौहान, उजागर नंद, ओमप्रकाश चौहान, सुदर्शन चौहान, केदार चौहान, मुक्तेश्वर चौहान, संजय चौहान, महगुलाल चौहान, ठाकुर राम चौहान, सुधीर चौहान, गोवर्धन चौहान, रामेश्वर चौहान, धनीराम चौहान, गजेंद्र चौहान, लक्ष्मण चौहान, गंगाराम चौहान सहित सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करने का कार्य किया। चौहान समाज द्वारा किया गया यह आयोजन शिक्षा और प्रतिभा सम्मान की प्रेरणादायी मिसाल बन गया।



