सारंगढ़। प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त बैठक में आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान को शासन, प्रशासन और जनभागीदारी के समन्वय से व्यापक एवं भव्य स्वरूप दिया जाए।
मंत्री वर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा।
अभियान के दौरान 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ियों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों का संकलन किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तथा ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत नदी-घाटों की स्वच्छता सहित जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बैठक में बताया कि अभियान को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी सुनील शर्मा, सीईओ ऋषिकेश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, कामता जोल्हे, महिला मोर्चा अध्यक्ष विद्या सिदार, डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, वर्षा बंसल, एसडीएम उमेश साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- 17 सितंबर से गूंजेगा ‘सेवा संकल्प’, गांव-गांव होंगे जनभागीदारी के कार्यक्रम… - September 10, 2026
- तीन साल बाद भी प्राथमिक शाला के कमरों में कन्या महाविद्यालय, भवन-बाउंड्री और शेड के लिए DMF से 10 लाख की मांग.. - September 10, 2026
- कलेक्टर के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी, मैसेज भेजकर मचाई हलचल! - September 10, 2026
