सारंगढ़। जिले में छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देश पर चल रहे साइबर जागृति अभियान के चौथे चरण के तहत गुरुवार को विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के थानों, चौकियों, स्कूल-कॉलेजों सहित करीब 101 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर 7,342 नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। चौथे सप्ताह का मुख्य विषय ‘स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउज़िंग’ रखा गया है।
पुलिस टीमों ने लोगों को आगाह किया कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर अपराधी परिचित या करीबी व्यक्ति की आवाज और वीडियो की नकल बनाकर पैसे की मांग कर सकते हैं। पुलिस ने ऐसे मामलों में जल्दबाजी न करने और संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर कॉल या वीडियो की सत्यता जांचने की अपील की।
अभियान के दौरान ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि अपराधी खुद को सीबीआई, पुलिस या कस्टम अधिकारी बताकर वीडियो कॉल पर लोगों को डराते-धमकाते हैं और पैसे की मांग करते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं है तथा वास्तविक पुलिस अधिकारी वीडियो कॉल के जरिए पूछताछ कर पैसे नहीं मांगते।
इसी तरह शेयर बाजार और आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच देकर फर्जी ट्रेडिंग ऐप और टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से होने वाली ठगी से भी सावधान रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों से कहा कि पब्लिक वाई-फाई पर बैंकिंग या वित्तीय लेन-देन न करें, अनजान स्क्रीन-शेयरिंग ऐप डाउनलोड न करें तथा ओटीपी, यूपीआई पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए और नजदीकी थाने को सूचना दे। समय पर शिकायत मिलने से बैंकिंग स्तर पर ठगी की रकम को होल्ड कराने की कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है। अभियान के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध की तुरंत सूचना दें का संदेश दिया।



- रायगढ़ में बदला स्थानीय अवकाश: 9 नवंबर की छुट्टी अब 15 सितंबर को, नवाखाई पर बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर… - September 10, 2026
- शिक्षा सेवा की मिसाल: भागवत साहू ने बच्चों को बांटी निशुल्क कॉपी-पेन… - September 10, 2026
- साइबर ठगी पर पुलिस का वार, 101 जगह 7,342 लोगों को किया जागरूक… - September 10, 2026
