सारंगढ़। बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से उनके देवेंद्र नगर स्थित निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिलाईगढ़ विधानसभा एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चल रही राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में पुनः कांग्रेस विधायक निर्वाचित कराने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि बिलाईगढ़ क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता फिर से बिलाईगढ़ में जनआंदोलन खड़ा करेंगे और जनता के विश्वास के बल पर क्षेत्र में कांग्रेस का परचम लहराएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संघर्ष और कार्यकर्ताओं की मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी।
बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में आमजन, युवा, किसान, महिला, व्यापारी सहित समाज का हर वर्ग वर्तमान सरकार की नीतियों से नाराज है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की साय सरकार दिल्ली से संचालित हो रही है और जनता अब परिवर्तन चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा की विदाई तय है और कांग्रेस पुनः सत्ता में वापसी करेगी।
मुलाकात के दौरान जिला पंचायत बिलाईगढ़ के सभापति प्रतिनिधि दीपक टंडन ने हाल ही में हुए उपचुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को चलचित्र भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर युवा नेता फरीद खान, रामखिलावन यादव सहित विभिन्न ब्लॉकों के कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण रहा, जहां कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा की।

- शिक्षा सेवा की मिसाल: भागवत साहू ने बच्चों को बांटी निशुल्क कॉपी-पेन… - September 10, 2026
- साइबर ठगी पर पुलिस का वार, 101 जगह 7,342 लोगों को किया जागरूक… - September 10, 2026
- शिक्षक हितों की मांगों को लेकर DEO से मिला फेडरेशन, सौंपा ज्ञापन… - September 10, 2026
