सारंगढ़। सुशासन तिहार के अवसर पर भीखमपुरा में आयोजित विशाल जन चौपाल कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। जन चौपाल के दौरान क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सारंगढ़ की सभापति श्रीमती संतोषी खटकर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आत्मीय स्वागत करते हुए जिले के समग्र विकास से जुड़ी छह प्रमुख मांगों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूर्ण होने से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आम जनता को सीधे तौर पर लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई प्रमुख मांगों में बरमकेला में बहुप्रतीक्षित एसडीएम कार्यालय की स्थापना, बरमकेला में उप पंजीयक कार्यालय प्रारंभ करना, कोसीर में नए थाना भवन की स्वीकृति, जिले में विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक सेटअप एवं पदों की स्थापना, लंबे समय से प्रतीक्षित सारंगढ़ रेल लाइन परियोजना को गति प्रदान करना तथा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना शामिल रही।
श्रीमती खटकर ने कहा कि ये सभी मांगें क्षेत्र की जनता की लंबे समय से अपेक्षाएं हैं और इनके पूरा होने से प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा, शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमजन की समस्याओं, सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन की पहल की जानकारी भी लोगों को दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों की बड़ी सहभागिता देखने को मिली, जिससे जन चौपाल एक जनसंवाद और विकास केंद्रित आयोजन के रूप में सफल रहा।


- रायगढ़ में बदला स्थानीय अवकाश: 9 नवंबर की छुट्टी अब 15 सितंबर को, नवाखाई पर बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर… - September 10, 2026
- शिक्षा सेवा की मिसाल: भागवत साहू ने बच्चों को बांटी निशुल्क कॉपी-पेन… - September 10, 2026
- साइबर ठगी पर पुलिस का वार, 101 जगह 7,342 लोगों को किया जागरूक… - September 10, 2026
