भटगांव। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर थाना भटगांव परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित, स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित पुलिसकर्मियों ने हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि पेड़-पौधे न केवल प्रदूषण को कम करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित करते हैं।
थाना भटगांव पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का दायित्व निभाने की अपील की। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।


