सारंगढ़। बरमकेला विकासखंड के ग्राम झिकीपाली में संचालित शासकीय शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम गिन्डोला के मुख्य मार्ग पर संचालित यह शराब दुकान गांव के सामाजिक माहौल और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
बताया जा रहा है कि जिस मार्ग पर शराब दुकान संचालित है, वही गांव की महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग से लोग डोंगरीपाली बाजार, स्कूल और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रतिदिन आते-जाते हैं। ऐसे में शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों की मौजूदगी के कारण महिलाओं और छात्राओं को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि दुकान के आसपास अक्सर लोगों की भीड़ लगी रहती है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। महिलाओं का आरोप है कि शराब दुकान के कारण गांव का वातावरण लगातार बिगड़ रहा है और सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका दावा है कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कुछ छात्राओं ने स्कूल जाना तक बंद कर दिया है।
गांव की महिलाओं ने प्रशासन से शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगी। इस मांग का समर्थन सावित्री राणा, कुन्ती राणा, मीरा बरीहा, इसुकांति सिदार, खिरोबति सिदार, दीपांजलि सिदार, प्रभा सिदार, अंशुया सिदार, ससुता पांडे, सबिता सिदार, पूनिमा सिदार, कानको सिदार, अनिता, उर्वशी, प्रविष्टा सिदार, सीता, संतोषनी और दिलेश्वरी सिदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने किया है। ग्रामीणों को अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।



