सारंगढ़। जिले में लंबे समय से लंबित सीमांकन, बंटांकन, नामांतरण एवं अन्य राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर सारंगढ़ तहसील में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सारंगढ़ तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने तहसील क्षेत्र के सभी राजस्व निरीक्षकों (आरआई) एवं पटवारियों की बैठक लेकर लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।
तहसीलदार श्री सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में बारिश के पूर्व सीमांकन, बंटांकन, नामांतरण सहित अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया गया था कि जनता से जुड़े राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से 29 मई 2026 से 15 जून 2026 तक विशेष सीमांकन, बंटांकन एवं नामांतरण पखवाड़ा घोषित किया गया है। इस अवधि में तहसील क्षेत्र के सभी पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के लिए विशेष रूप से कार्य करेंगे।
तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिनके सीमांकन, बंटांकन, नामांतरण अथवा अन्य राजस्व प्रकरण लंबित हैं, वे अपने संबंधित हल्का पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक से संपर्क कर आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करें और अपने प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी आवेदक को किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई आती है तो वे सीधे तहसील कार्यालय अथवा उनसे संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के सैकड़ों लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की उम्मीद बढ़ गई है और आम जनता को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।


- रायगढ़ में बदला स्थानीय अवकाश: 9 नवंबर की छुट्टी अब 15 सितंबर को, नवाखाई पर बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर… - September 10, 2026
- शिक्षा सेवा की मिसाल: भागवत साहू ने बच्चों को बांटी निशुल्क कॉपी-पेन… - September 10, 2026
- साइबर ठगी पर पुलिस का वार, 101 जगह 7,342 लोगों को किया जागरूक… - September 10, 2026
