बिहार एसटीएफ (STF) और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े अंतर्राज्यीय ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है. टीम ने छत्तीसगढ़ के पेंड्रा के चर्चित सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

गिरफ्तार आरोपी का मनीष मंडल उर्फ नागमणि है और वह टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल है. उसकी गिरफ्तारी देवघर से हुई है. पुलिस ने उसके पास से लूट के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं.
देवघर के जसीडीह में छिपा था शातिर अपराधी
बांका जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र का मूल निवासी मनीष मंडल देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र में नाम बदलकर छिपा हुआ था. वह जसीडीह के रामचंद्रपुर मोड़ के समीप एक पेट्रोल पंप के सामने ऑटो पार्ट्स दुकान के ऊपर अपने गांव के ही एक युवक के साथ किराए का कमरा लेकर रह रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर जसीडीह थाना पुलिस के सहयोग से बिहार एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने वहां छापेमारी कर उसे दबोच लिया.
लूट के 50 ग्राम सोने और 1 किलो चांदी के जेवरात बरामद
गिरफ्तार अपराधी मनीष मंडल के पास से पुलिस ने छत्तीसगढ़ में लूटे गए आभूषण बरामद किए हैं, जिसमें 50 ग्राम सोना और एक किलो चांदी के जेवरात शामिल हैं.
क्या है पेंड्रा का प्रदीप सोनी हत्याकांड?
बीते 26 मई को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा (गौरेला थाना क्षेत्र) के रहने वाले सर्राफा व्यवसायी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी. हत्या के बाद अपराधी जेवरातों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए थे. इस सनसनीखेज वारदात को लेकर पेंड्रा थाने में कांड संख्या-163/26 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस और बिहार एसटीएफ ने संयुक्त जांच शुरू की, जिसका नतीजा इस गिरफ्तारी के रूप में सामने आया.
बिहार-छत्तीसगढ़ में दर्ज हैं कई संगीन मामले
मनीष मंडल छत्तीसगढ़ पुलिस की टॉप-10 वांटेड सूची में शामिल है. उसके खिलाफ बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के चार से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं. पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से बिहार-झारखंड-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर सक्रिय अंतर्राज्यीय लूट-हत्या गिरोह को बहुत बड़ा झटका लगा है.
अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी
इस कांड में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. हालांकि, देवघर स्थानीय पुलिस के अधिकारी फिलहाल आधिकारिक तौर पर इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.
- गांव माटी की खुशबू से मॉस्को तक का सफर..डोमाडीह की बेटी सत्यभामा बनेगी डॉक्टर..रूस के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में हुआ चयन.. - September 11, 2026
- छत्तीसगढ़:दुष्कर्म के आरोपी को फांसी की सजा, 6 साल की भतीजी का अपहरण कर किया था रेप, चाचा ने हत्या कर कार में रख दी थी लाश… - September 11, 2026
- छत्तीसगढ़:मंदिर में पूजा कराई, गंगाजल पिलाया, उसके बाद दी अंतिम संस्कार की अनुमति, 8 साल पहले धर्म बदल चुका था परिवार… - September 11, 2026
