सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर जिले में धूम्रपान, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के विरुद्ध व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिचर्चा सह जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर बरमकेला के अधिकारी-कर्मचारी, सेक्टर अधिकारी, स्वास्थ्य सुपरवाइजर एवं मितानिनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध आध्यात्मिक संस्था प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की दीदियों ने उपस्थित जनसमुदाय को मानसिक स्वास्थ्य, मेडिटेशन तथा धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की आदत न केवल व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। साथ ही नियमित ध्यान एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने का संदेश दिया गया।
वहीं समाज कल्याण विभाग सारंगढ़ द्वारा संचालित नवजीवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, सारंगढ़ में भी अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुनर्वास लाभ ले रहे हितग्राहियों एवं केंद्र के स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी की।
नवजीवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के अधीक्षक रोशन जायसवाल ने केंद्र द्वारा संचालित सेवाओं एवं नशामुक्ति के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए युवाओं से सभी प्रकार के नशों का त्याग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। इससे बचाव के लिए जागरूकता, आत्मसंयम और सामुदायिक सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया तथा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सभी को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग का सक्रिय सहयोग रहा। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

- आपदा पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत: कलेक्टर ने स्वीकृत की 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता… - June 1, 2026
- रेड़ा के पास बड़ा हादसा टला: बिजली के खंभे से टकराई स्विफ्ट डिजायर, पति-पत्नी और मासूम बालक सुरक्षित… - June 1, 2026
- आईटीआई में सुनहरा मौका: 10वीं पास युवाओं के लिए खुला प्रवेश पोर्टल, 15 जून तक करें आवेदन… - June 1, 2026

