सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 मई 2026। जिले के जनजातीय समुदायों में छिपी असाधारण प्रतिभाओं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत व्यक्तियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, कोसीर रोड कॉलेज के पास, सारंगढ़ द्वारा पद्म पुरस्कार एवं जनजातीय गरिमा सम्मान 2026 के लिए योग्य व्यक्तियों के नामांकन 5 जून 2026 तक आमंत्रित किए गए हैं।
भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए ऐसे जनजातीय समुदायों के व्यक्तियों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने कला, साहित्य, शिक्षा, समाज सेवा, लोक संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान, चिकित्सा, खेलकूद अथवा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायक योगदान दिया हो। इन व्यक्तियों के कार्य समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने वाले होने चाहिए।
जनजातीय गरिमा सम्मान 2026 के अंतर्गत भी ऐसे नायकों की खोज की जा रही है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं असाधारण सेवाएं प्रदान कर जनजातीय समाज के गौरव को बढ़ाया है। नामांकन प्रक्रिया में जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा तथा कोई भी पात्र व्यक्ति नामांकन के लिए प्रस्तावित किया जा सकता है।
निर्धारित मानदंडों के अनुसार आवेदक का कार्य लोकहित एवं जनसेवा की भावना से प्रेरित होना चाहिए। पात्र व्यक्ति कला, समाज कार्य, सार्वजनिक मामले, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा, सिविल सेवा, खेल या अन्य किसी भी क्षेत्र से संबंधित हो सकता है। हालांकि सेवारत सरकारी कर्मचारी सामान्यतः पात्र नहीं होंगे, लेकिन डॉक्टरों एवं वैज्ञानिकों को इस नियम में विशेष छूट प्रदान की गई है।
आदिवासी विकास विभाग ने जिले के नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के योग्य एवं प्रेरणादायक जनजातीय व्यक्तियों के नाम समय-सीमा के भीतर प्रस्तुत करें, ताकि उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर उचित सम्मान मिल सके।

- जनजातीय प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर: पद्म पुरस्कार और जनजातीय गरिमा सम्मान 2026 हेतु नामांकन आमंत्रित… - May 31, 2026
- व्यापम ने निकाली दो बड़ी भर्तियां, 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर; 8 और 15 जून तक करें आवेदन… - May 31, 2026
- कल पंचायत चुनाव का महासंग्राम: 1 जून को मतदान, मतदान केंद्रों पर ही होगी मतगणना, शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध… - May 31, 2026

