सारंगढ़ । जिला मुख्यालय के नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 7 सहित आसपास के मोहल्लों में पिछले चार से पांच दिनों से एक हिंसक बछड़े का आतंक बना हुआ था। बछड़ा अचानक राह चलते लोगों पर हमला कर देता था, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल निर्मित हो गया था। जेलपारा मोहल्ले समेत आसपास के कई इलाकों में बछड़े द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों में दर्जनों लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार बछड़ा बेहद आक्रामक हो चुका था और गली-मोहल्लों में आने-जाने वाले लोगों, बच्चों तथा बुजुर्गों पर अचानक हमला कर देता था। इसके चलते लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे थे। सबसे बड़ी विडंबना यह रही कि चार-पांच दिनों तक लगातार लोग घायल होते रहे, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि अथवा संबंधित जिम्मेदारों द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई नहीं कराई गई।
मामले की सूचना जब नगर पालिका सारंगढ़ के सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र को फोन के माध्यम से दी गई, तब उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए बिना देरी किए नगर पालिका की गौ स्केचर टीम को मौके पर रवाना किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद लोगों के लिए आफत बन चुके बछड़े का सफल रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद घायल एवं आक्रामक स्थिति में मौजूद बछड़े को समुचित उपचार के लिए जिला पशु चिकित्सालय भेजा गया, ताकि उसका इलाज किया जा सके। नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई से जेलपारा मोहल्ले सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली।
मोहल्लेवासियों एवं राहगीरों ने समय पर कार्रवाई के लिए नगर पालिका सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र का आभार जताते हुए कहा कि यदि समय रहते रेस्क्यू नहीं किया जाता तो कोई बड़ी घटना भी घट सकती थी।

- महेश यादव की रानीसागर तालाब में तैरती मिली लाश, महराजपुर गांव में शोक… - September 17, 2026
- जनपद पंचायत संघ की प्रदेश कार्यकारिणी में ममता राजीव सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, बनीं प्रदेश उपाध्यक्ष,वीरेंद्र साहू प्रदेश अध्यक्ष… - September 17, 2026
- IND vs WI: वेस्टइंडीज सीरीज से 8 खिलाड़ियों की छुट्टी, जानें टीम इंडिया में किसकी लगी लॉटरी? - September 17, 2026
