सारंगढ़ । जिले के सारंगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंजारी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही का ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसमें एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात XUV 300 वाहन ने सड़क किनारे जा रहे राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि मृतक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान ग्राम बंजारी निवासी युवक के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीण आरोपी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही सारंगढ़ पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया ताकि यातायात व्यवस्था बहाल की जा सके। पुलिस द्वारा फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। तेज रफ्तार अब लोगों के लिए सफर नहीं, बल्कि मौत का कारण बनती जा रही है। लगातार हो रहे हादसों से लोगों में भय और गुस्सा दोनों बढ़ते जा रहे हैं।

- नायब तहसीलदार से मारपीट का मामला प्रदेश गर्माया..विधायक राम कुमार तोप्पो की तत्काल गिरफ्तारी की मांग, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी… - May 29, 2026
- आतंक का पर्याय बने हिंसक बछड़े का रेस्क्यू, CMO की तत्परता से मोहल्लेवासियों को मिली राहत… - May 29, 2026
- रफ्तार का कहर : XUV 300 की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने NH पर किया चक्का जाम… - May 29, 2026

