सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की कमी के कारण सिजेरियन डिलीवरी एवं मेजर सर्जरी जैसे महत्वपूर्ण ऑपरेशन प्रभावित हो रहे थे, जिससे मरीजों को रायगढ़ सहित अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। अब इस समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रायगढ़ की एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कुंती नायक की सेवाएं सप्ताह में दो दिवस — सोमवार एवं मंगलवार को जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में उपलब्ध रहेंगी। शासन के इस निर्णय से अब जिला अस्पताल में सिजेरियन एवं अन्य जटिल ऑपरेशन सुचारु रूप से किए जा सकेंगे।
बताया जा रहा है कि इस महत्वपूर्ण पहल के पीछे कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के लगातार प्रयास और गंभीर पहल रही। उन्होंने जिला अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर लगातार समन्वय किया। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने कहा कि अब जिला अस्पताल में बड़ी सर्जरी और जटिल ऑपरेशन की सुविधा मजबूत होगी, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
इसी तरह सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार जायसवाल के अथक प्रयासों से जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक पहल एवं समन्वय किया गया। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि अब जिला अस्पताल में ऑपरेशन सेवाओं को नई मजबूती मिलने जा रही है।
इस फैसले से खासकर गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें इलाज के लिए दूसरे जिलों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी तथा समय पर उपचार मिलने से मरीजों की परेशानियां भी कम होंगी।
जिले के जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शासन के इस जनहितकारी निर्णय का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

- छत्तीसगढ़ में स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी, अब प्रिंसिपल को भी रोजाना लेने होंगे 2 पीरियड, बड़े कमरों में बैठेंगे छात्र… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय… रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट… - September 13, 2026
- संबंध बनाने से पहले भूलकर भी न करें ये काम वरना जा सकती है जान – वैज्ञानिकों और डॉक्टरों की सख्त चेतावनी… - September 13, 2026
