रायपुर। प्रदेश में डायल-112 इमरजेंसी सेवा में ड्राइवर भर्ती के नाम पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर एक कथित भर्ती पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डायल-112 सेवा के लिए ड्राइवरों की भर्ती का दावा किया गया है।

पोस्टर में 13 जिलों में भर्ती, 13 हजार रुपये वेतन, आठ घंटे की ड्यूटी और 21 से 40 वर्ष तक की आयु सीमा जैसी जानकारी दी गई है। साथ ही एक मोबाइल नंबर जारी कर युवाओं से संपर्क करने की अपील भी की गई है।

हालांकि, डायल 112 प्रबंधन, पुलिस अधिकारियों और सेवा संचालित करने वाली कंपनी ने इस पोस्टर को पूरी तरह फर्जी बताया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पोस्टर विभाग की ओर से जारी नहीं किया गया है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक की मदद से तैयार कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल में शिकायत करने की तैयारी की जा रही है।
विभाग को दी गई जानकारी
डायल-112 इमरजेंसी सर्विस के डीएसपी विवेक सिंह ने बताया कि प्रसारित पोस्टर की जानकारी विभाग को भी मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से किसी प्रकार की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है और न ही कोई आधिकारिक विज्ञापन जारी हुआ है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह फर्जी और भ्रामक पोस्टर है, जिसे लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। डीएसपी ने बताया कि संबंधित वेंडर कंपनी को भी मामले की सूचना दे दी गई है। साथ ही साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
कंपनी ने बताया पोस्टर फर्जी
डायल- 112 सेवा का संचालन करने वाली जीवीके कंपनी ने भी प्रसारित भर्ती पोस्टर को फर्जी बताया है। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया के लिए इस तरह के पोस्टर या इंटरनेट मीडिया पर विज्ञापन जारी नहीं किए जाते। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि ऐसे फर्जी विज्ञापनों के झांसे में आकर किसी को पैसे न दें और न ही किसी अनजान नंबर पर अपनी निजी जानकारी साझा करें।
प्रसारित पोस्ट में यह दावा
प्रसारित पोस्टर में दावा किया गया है कि प्रदेश के बालोद, बेमेतरा, धमतरी, कांकेर, कोण्डागांव, बीजापुर, सुकमा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर और गरियाबंद समेत कई जिलों में भर्ती की जाएगी। इसके अलावा अन्य जिलों में भी पांच-पांच पद उपलब्ध होने की बात कही गई है। पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में तीन-तीन ड्राइवर नियुक्त किए जाएंगे और जाइनिंग 17 मई से शुरू होगी।
ऐसे समझें भर्ती पोस्टर फर्जी है
विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं
इंटरनेट मीडिया पोस्टर में केवल मोबाइल नंबर दिया गया
भर्ती प्रक्रिया में आवेदन लिंक या सरकारी आदेश नहीं
एआई से तैयार ग्राफिक्स और लोगो का इस्तेमाल
तुरंत जाइनिंग और सीमित सीट बताकर बनाया जा रहा दबाव।
- सारंगढ़ जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात : अब होंगे सिजेरियन और मेजर ऑपरेशन, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू… - May 28, 2026
- नाश्ते में खाएं मोरिंगा के पत्तों का परांठा, भर-भरकर मिलते हैं इतने सारे विटामिन… - May 28, 2026
- 15 साल के वैभव का टीम इंडिया डेब्यू लोडिंग? गांगुली और भारतीय कप्तान ने लगाई मुहर! श्रीलंका सीरीज से पहले मची हलचल… - May 28, 2026

