सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में पेट्रोल और डीजल की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्रीमती पदमिनी भोई साहू ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी अथवा उपभोक्ताओं को परेशान करने जैसी स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्देश में कहा गया है कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराया जाए और बिना वैध कारण के किसी को भी ईंधन देने से मना न किया जाए। साथ ही जरिकेन, डिब्बा, बोतल या अन्य पात्रों में पेट्रोल-डीजल का प्रदाय पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा है कि यदि किसी पेट्रोल पंप में विवाद, अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत प्राप्त होती है, तो तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिले की प्रत्येक तहसील में तहसीलदारों की अध्यक्षता में राजस्व विभाग एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों का संयुक्त जांच दल गठित किया गया है।
यह संयुक्त जांच दल समय-समय पर पेट्रोल पंपों की आकस्मिक जांच करेगा, व्यवस्था का निरीक्षण करेगा तथा अपनी जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगा। साथ ही उपभोक्ताओं से जुड़े विवादों और शिकायतों का मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की इस सख्ती के बाद पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का उद्देश्य आम जनता को बिना परेशानी समय पर ईंधन उपलब्ध कराना और किसी भी तरह की जमाखोरी या अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है।


