सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में 20 मई 2026 को दवा दुकानों के बंद रहने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों और मरीजों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर देशभर में ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद किया जाएगा। इस संगठन से देश के लगभग 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट और औषधि वितरक जुड़े हुए हैं।
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट संघ द्वारा भी इस बंद को लेकर अग्रिम सूचना का ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंप दिया गया है। स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह उप संचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने और आवश्यक दवाइयों का पहले से इंतजाम करने की अपील की है।

गंभीर मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, अस्थमा, हृदय रोग, कैंसर, मिर्गी सहित अन्य गंभीर और लंबे समय से बीमार मरीजों से अपील की है कि वे रोजाना उपयोग में आने वाली दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक पहले से खरीदकर सुरक्षित रखें। इसके अलावा अस्थमा इनहेलर, जीवनरक्षक दवाइयां और बच्चों की जरूरी दवाइयों को भी पर्याप्त मात्रा में रखने की सलाह दी गई है।
किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीजों को नजदीकी अस्पताल, जिला चिकित्सालय या सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों से तत्काल संपर्क करने को कहा गया है।
जन औषधि केन्द्र खुले रहेंगे
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र 20 मई को खुले रहेंगे, ताकि आम लोगों को दवाइयों की उपलब्धता में परेशानी न हो। इसके साथ ही कुछ निजी अस्पतालों में संचालित फार्मेसी और श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स भी बंद में शामिल नहीं होंगे, जहां से जरूरत पड़ने पर दवाइयां प्राप्त की जा सकेंगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी, अफवाहों से बचने की अपील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने किसी भी परेशानी या आपातकालीन स्थिति के लिए टोल फ्री नंबर 9340597097 जारी किया है। विभाग ने जिला दवा विक्रेता संघ से शांतिपूर्ण एवं वैध तरीके से बंद का समर्थन करने की अपील की है। साथ ही जनहित को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन एवं जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि बंद के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोग बनाए रखें।
- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
