सारंगढ़। जिला पंचायत (जिपं) सभागार में भाजपा द्वारा नारी वंदन सशक्तिकरण को लेकर आयोजित बैठक उस समय सियासी रंग में रंग गई, जब पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। बैठक में मुद्दा महिलाओं के सशक्तिकरण का था, लेकिन चर्चा राजनीतिक टकराव में तब्दील हो गई।
बैठक में अजय जवाहर नायक, श्रीमती भगवंतीन, सुशीला साहू, शिवकुमारी साहू और सीईओ बर्मन सहित जिला पंचायत सभापति एवं सदस्यों की उपस्थिति रही। इस दौरान भाजपा से जुड़े प्रतिनिधियों ने नारी वंदन सशक्तिकरण विधेयक के पूर्ण रूप से लागू न होने के लिए विपक्षी सांसदों को जिम्मेदार ठहराया।
इसी बीच जिपं सदस्य एवं कांग्रेसी नेता बिनोद भारद्वाज ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा अंग्रेजों की नीति पर काम कर रही है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी वंदन सशक्तिकरण वर्ष 2023 में पारित होकर विधेयक बन चुका है, लेकिन भाजपा इसे जबरदस्ती लागू नहीं कर रही है। उनका आरोप था कि भाजपा इस मुद्दे को परिसीमन (Delimitation) को आगे बढ़ाने के लिए इस्तेमाल कर रही है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है।
बिनोद भारद्वाज ने राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस योजना का भाजपा ने जोर-शोर से प्रचार किया, वही अब महिलाओं के लिए परेशानी का कारण बन गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवाईसी के नाम पर घंटों बैंकों और दफ्तरों में लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी असुविधा हो रही है।
उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार बनने के बाद शुरुआती 6-7 महीनों तक महिलाओं के बैंक खाते सुचारू रूप से संचालित हो रहे थे, तो अब अचानक केवाईसी की आवश्यकता क्यों उत्पन्न हो गई? क्या सरकार के पास इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पर्याप्त बजट नहीं है?
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस ने यह साफ कर दिया कि नारी वंदन सशक्तिकरण और महतारी वंदन योजना जैसे मुद्दे आने वाले समय में राजनीतिक बहस के केंद्र में बने रहेंगे।
यह बैठक जहां महिला सशक्तिकरण पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी, वहीं यह सियासी घमासान का मंच बन गई, जिसने स्थानीय राजनीति में हलचल तेज कर दी।


- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
