छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. घटना के बाद आरोपी कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. यह मामला कोरबा के जगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली का है.

जानकारी के अनुसार आरोपी सालिक राम यादव सतरंगा, उम्र 45 वर्ष, गांव में एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का काम करता था. वह अपनी पत्नी छेक बाई, उम्र 42 वर्ष, और चार बच्चों के साथ वहीं रहता था. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चरित्र को लेकर विवाद चल रहा था. पत्नी अपने पति पर शक करती थी, जिसके कारण आए दिन दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे.

क्या थी हत्या की वजह?
घटना वाले दिन भी दोनों ने शराब पी रखी थी. इसी दौरान चरित्र शंका को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सालिक राम ने गुस्से में आकर चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया. हमले के दौरान उसने पत्नी का गला काटकर सिर धड़ से अलग कर दिया. घटना के समय उनके दो बच्चे घर पर ही मौजूद थे, जिससे घटना और भी भयावह बन गई.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
हत्या के बाद आरोपी कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा. बाद में उसने सिर को एक बोरी में रखा और बैठ गया. गांव वालों ने जब यह देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की है और कहा कि उसके शरीर पर लगा खून उसकी पत्नी का है.
पुलिस के अनुसार आरोपी हत्या के बाद सिर को लेकर थाने जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया. घटना का वीडियो भी कुछ लोगों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वारदात के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
- भगवान विष्णु ने मां लक्ष्मी को दिया वरदान नाम पड़ा बद्रीनाथ, जानें बद्रीविशाल की कथा… - April 24, 2026
- गर्मियों में स्वाद का नया तड़का कटहल बिरयानी ने जीता दिल… - April 24, 2026
- काली कोहनी और घुटनों पर जमे मैल से हैं परेशान, तो इन घरेलू उपायों से करें साफ, 2 दिनों में मिलेगी निखरी स्किन… - April 24, 2026
