“जंगल में मौत का सन्नाटा” — लैलूंगा रेंज में 4 माह के हाथी शावक का शव मिलने से मचा हड़कंप…
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज में एक हाथी शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शावक की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
बताया जा रहा है कि लैलूंगा रेंज के आमापाली बीट के कक्ष क्रमांक 176 आरएफ में पिछले कुछ दिनों से 13 हाथियों का एक दल विचरण कर रहा था। इस दल में 1 नर, 7 मादा और 5 शावक शामिल थे। वन विभाग की टीम इस पूरे दल की लगातार निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान ट्रैकिंग पर निकली टीम को चिलकागुड़ा के एक टिकरा क्षेत्र में करीब 4 माह के हाथी शावक का शव मिला। जानकारी के मुताबिक, शावक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ था, जिससे उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद भी हाथियों का दल आसपास के इलाके में ही विचरण कर रहा है, जिसके चलते वन विभाग ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मृत शावक का पोस्टमार्टम कर बिसरा जांच के लिए भेज दिया गया है और नियमानुसार शव का अंतिम निपटान कर दिया गया है।
फिलहाल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे शावक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।


- मुस्कान में क्रांति: सारंगढ़ जिला अस्पताल का डेंटल विभाग बना आधुनिक इलाज का नया केंद्र… - April 23, 2026
- “जंगल में मौत का सन्नाटा” — लैलूंगा रेंज में 4 माह के हाथी शावक का शव मिलने से मचा हड़कंप… - April 23, 2026
- “तेज रफ्तार का कहर” — लकड़ी से भरे ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की दर्दनाक मौत… - April 23, 2026

