सारंगढ़। खड़िया समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही देरी अब गंभीर समस्या का रूप ले चुकी है। आवेदक भुजबल खड़िया सहित 14 अन्य लोगों द्वारा जिला प्रशासन को आवेदन देने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से समाज के लोगों में निराशा और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाति प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आवेदन जिला कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत किया गया था, जिसकी प्रतिलिपि संबंधित विभागों को भेजी गई थी। इस संबंध में 20 नवंबर 2025 को अपर कलेक्टर द्वारा SDM Office Sarangarh एवं Tribal Welfare Department Chhattisgarh को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए थे।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतने समय बीत जाने के बाद भी इस मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। इससे परेशान होकर खड़िया समाज के लोग अब जनप्रतिनिधियों की शरण में पहुंचने को मजबूर हो गए हैं।
समाज के लोगों ने जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पूषण पाण्डेय से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जमीन के अभाव में उनके जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर से मुलाकात की और जल्द से जल्द जाति प्रमाण पत्र जारी करवाने का आग्रह किया।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और लंबे समय से परेशान खड़िया समाज के लोगों को कब राहत मिलती है।



