समानता की मशाल: मंधाईभाटा में अंबेडकर जयंती पर उमड़ा जनसैलाब…
सारंगढ़। ग्राम मंधाईभाटा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन शामिल हुए, जिससे पूरे गांव में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
इस आयोजन की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिल शिवकुमारी साहू रहीं, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्रीमती साहू ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और शिक्षा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को न्याय और अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी समाज को आगे बढ़ने और समानता आधारित व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक समरसता और अधिकारों के प्रति जागरूकता को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
अंत में सामूहिक रूप से बाबा साहेब को नमन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरे आयोजन ने गांव में सामाजिक एकता और जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।
