जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित केराडीह बाजार में पानीपुरी (गुपचुप) खाना लोगों के लिए भारी पड़ गया. बाजार में पानीपुरी खाने के बाद अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, कम से कम 8 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. सभी मरीजों को उल्टी, दस्त और बुखार जैसी शिकायतों के बाद तत्काल कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ अन्य प्रभावितों का इलाज आसपास के अस्पतालों में किया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग को घटना की सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई. बीएमओ डॉ. के. कुजूर के निर्देश पर स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगाया और मरीजों का तत्काल इलाज शुरू किया. गंभीर हालत वाले मरीजों को अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है. हालांकि कमजोरी के चलते कुछ मरीज अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में हैं.
पीड़ितों ने बताया कि पानीपुरी खाने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और लगातार उल्टी-दस्त शुरू हो गया. परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते इलाज मिल सका.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. लोगों ने प्रशासन से बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
- अवकाश के बाद हॉस्टल लौटा ही नहीं था अश्वनी!..के.पी. स्कूल बंधापाली के पुख्ता रिकॉर्ड्स ने खारिज किए लापरवाही के आरोप…अब जांच के घेरे में अज्ञात कॉल और खरसिया कनेक्शन.. - September 13, 2026
- गांजा तस्करों पर सरिया पुलिस का शिकंजा, थाना प्रभारी की मुस्तैदी से 10.761 किलो गांजा बरामद… - September 13, 2026
- भादी अमावस्या पर दादी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब… - September 13, 2026
