“एसपी आंजनेय वार्ष्णेय की सख्ती, थाना प्रभारी प्रमोद यादव की दमदार अगुवाई—62 किलो गांजा जब्त कर नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार!
सारंगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर जुआ, सट्टा, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध गांजा परिवहन करते एक कार से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है।
मुखबिर सूचना से खुला राज
दिनांक 7 अप्रैल 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक OD 02 BV 7653) में उड़ीसा से गांजा लाकर शक्ति-जांजगीर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम बोरिदा के बगीचा तालाब के पास मेन रोड पर घेराबंदी कर दी।
चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
घेराबंदी के दौरान संदिग्ध कार मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
59 पैकेट में 62 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
गवाहों की मौजूदगी में जब कार की तलाशी ली गई, तो अंदर 59 पैकेट में कुल 62 किलो 245 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर लिया है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 71/2026 धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
टीमवर्क से मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के साथ सउनि मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक विजय यादव, मोहन गुप्ता, आरक्षक विमल जांगड़े, खेमलाल, श्रवण टंडन, दिलीप स्नेही, दिगंबर, दिलीप साव, साइबर सेल के रामकुमार मानिकपुरी, दीपक मैत्री, कृष्णा डनसेना, मोतीलाल जांगड़े सहित पूरे थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में नशे के कारोबारियों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है।

- नारी शक्ति का भव्य संगम: प्रांतीय अध्यक्ष उमा छपारिया का ऐतिहासिक कोरबा दौरा, नई शाखा के साथ प्रीति मोदी बनीं अध्यक्ष… - April 12, 2026
- “100 दिन का महाअभियान” : अब गांव-गांव पहुंचेगा इलाज, सारंगढ़ में TB मुक्त भारत की ओर बड़ा कदम… - April 12, 2026
- तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर: बाइक सवार दंपत्ति की मौके पर मौत, युवती गंभीर हालत में… - April 12, 2026
