सारंगढ़। बिलाईगढ़ ब्लॉक के नगर पंचायत पवनी में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भजन-कीर्तन, जयकारों और पूजा-अर्चना के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बिलाईगढ़ रोड स्थित यह प्राचीन हनुमान मंदिर हर वर्ष हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनता है।

मंदिर की खास पहचान: पत्थर पर हनुमान जी के पदचिह्न
इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां मौजूद वह पवित्र पत्थर है, जिस पर हनुमान जी के पदचिह्न अंकित माने जाते हैं। मंदिर के पुजारी वैष्णव के अनुसार यही दिव्य चिन्ह श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है, जिसके दर्शन के लिए दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते हैं।
कलेक्टर ने ली व्यवस्थाओं की जानकारी, दिए आवश्यक निर्देश
पूजा-अर्चना के बाद कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने मंदिर समिति के सदस्यों से मुलाकात कर मंदिर में संचालित धार्मिक गतिविधियों की जानकारी ली। समिति ने बताया कि यहां प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में बैठने के लिए शेड (सेट) निर्माण की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई, ताकि धूप और बारिश से लोगों को राहत मिल सके।
भव्य सजावट और बेहतर व्यवस्थाएं
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, एसडीएम प्रफुल रजक, तहसीलदार कमलेश सिदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हनुमान जन्मोत्सव का यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि प्रशासन और समाज के समन्वय का सुंदर उदाहरण भी प्रस्तुत करता नजर आया।
- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
