सारंगढ़ एसडीएम परिसर में 27 मार्च को सजेगा समस्याओं के निराकरण का मंच- ‘जनसमस्या निवारण शिविर’..
सारंगढ़-बिलाईगढ़:
छत्तीसगढ़ शासन की “जनहित सर्वोपरि” की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए सारंगढ़ प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के निर्देशों के परिपालन में, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी, सारंगढ़ द्वारा आगामी 27 मार्च 2026 को एक विशाल ‘जनसमस्या निवारण शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कदम सीधे तौर पर आम जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
एक ही छत के नीचे होगा शिकायतों का निपटारा-
अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं। प्रशासन की इस नई पहल के तहत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय परिसर, सारंगढ़ मे सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक शिविर आयोजन होगा।
जिसमे अनुविभाग के सभी विभागों के प्रमुख अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ मौके पर मौजूद रहेंगे।
प्रशासनिक संवेदनशीलता-
‘आवेदन लो और तत्काल समाधान करो’
एसडीएम सारंगढ़ द्वारा जारी आदेश (क्रमांक 322) में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। यह शिविर केवल आवेदन जमा करने का केंद्र नहीं, बल्कि त्वरित न्याय का माध्यम बनेगा। राजस्व, पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, और विद्युत जैसे महत्वपूर्ण विभागों की उपस्थिति से लोगों को मौके पर ही राहत मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी की निगरानी
शासन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस शिविर की प्रतिलिपि कलेक्टर जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को सादर सूचनार्थ प्रेषित की गई है। उच्च अधिकारियों की सीधी निगरानी के कारण प्रशासनिक मशीनरी पूरी पारदर्शिता और सक्रियता के साथ कार्य करेगी।
प्रशासन का संदेश-
“शासन का उद्देश्य आम आदमी की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाना है। यह शिविर इसी प्रतिबद्धता की एक कड़ी है ताकि अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सुविधा पहुँच सके।”
ग्रामीणों में उत्साह की लहर-
ग्राम पंचायत परसदा (बड़े) समेत पूरे अनुविभाग के ग्रामीणों में इस शिविर को लेकर सकारात्मक माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के ‘जन-संवाद’ कार्यक्रमों से न केवल अटके हुए कार्यों को गति मिलती है, बल्कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी पारदर्शिता आती है।
सारंगढ़ वासियों के लिए सूचना-
यदि आपके पास भी राजस्व, राशन, पानी, बिजली या अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी कोई शिकायत या मांग है, तो 27 मार्च को जरूरी दस्तावेजों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचें।

- सारंगढ़ अस्पताल में शुरू हुई अनोखी ‘छिपकली थेरेपी’, एक बीमारी लेकर आइए, दो मुफ्त लेकर जाइए! पीलिया से जूझते सारंगढ़ मे अनोखा कारनामा..स्वास्थ्य मंत्री जी ध्यान दें… - March 23, 2026
- छत्तीसगढ़: 12वीं बोर्ड की हिंदी की परीक्षा रद्द! पेपर लीक होने पर बड़ा फैसला… - March 23, 2026
- सारंगढ़ एसडीएम परिसर में 27 मार्च को सजेगा समस्याओं के निराकरण का मंच- ‘जनसमस्या निवारण शिविर’.. - March 23, 2026
