छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र में इन दिनों किसानों को अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि, सब्जी मंडी में टमाटर का भाव गिरकर करीब 10 रुपये प्रति कैरेट तक पहुंच गया है।

लागत से भी कम दाम मिलने से परेशान एक किसान ने अपनी उपज को बेचने के बजाय मंडी के बाहर ही टमाटर फेंककर विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि, किसान सुबह अपनी फसल लेकर सब्जी मंडी पहुंचा था, लेकिन व्यापारियों द्वारा बहुत कम कीमत लगाई गई। इतने कम दाम में टमाटर बेचने से उसे नुकसान ही होना था। इससे नाराज होकर किसान ने अपनी पूरी उपज मंडी के बाहर सड़क किनारे फेंक दी।
किसानों के लिए घाटे का सौदा
किसानों का कहना है कि, टमाटर की खेती में बीज, खाद, दवाई, मजदूरी और परिवहन में काफी खर्च आता है, लेकिन मंडी में उन्हें लागत का भी दाम नहीं मिल रहा। ऐसे में खेती करना किसानों के लिए घाटे का सौदा बनता जा रहा है।
सब्जी की खेती छोड़ने को मजबूर होने किसान
स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि, सब्जियों के लिए भी उचित समर्थन मूल्य या व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम मिल सके। किसानों का कहना है कि, अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में कई किसान सब्जी की खेती छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे।
- सारंगढ़:हेपेटाइटिस से बचाव का मंत्र: समय पर जांच और टीकाकरण… - July 31, 2026
- 31 जुलाई तक करें आवेदन, कृषक रत्न बनने का सुनहरा मौका… - July 31, 2026
- सारंगढ़:14 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, खुशी से खिले चेहरे… - July 31, 2026




