वनांचल पिरदा में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: स्वास्थ्य सेवाओं और छात्रावास व्यवस्थाओं की ली बारीकी से जानकारी…
सारंगढ़।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बिलाईगढ़ के वनांचल क्षेत्र स्थित पिरदा उप स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाइयों, मरीजों की सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी ली।
कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाए गए आयुष्मान कार्डों की प्रगति तथा शेष बचे कार्डों की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने बीपी और शुगर जांच मशीन की कार्यप्रणाली की भी जांच कराई। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सुषमा काटले ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार की व्यवस्था की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया। सीएचओ ने बताया कि यहां मुख्य रूप से बीपी, शुगर, बुखार, सर्दी और खांसी के मरीज इलाज के लिए अधिक संख्या में आते हैं। कलेक्टर ने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान में 52 गर्भवती माताएं पंजीकृत हैं।
उप स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद डिलीवरी नहीं होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले को गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए 6 बिस्तर वाले अतिरिक्त कक्ष के बारे में भी जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि भवन का हैंडओवर अभी तक नहीं हुआ है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पिरदा स्थित अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास अधीक्षक श्रीधर सिदार से छात्रावास की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान छात्रावास में बिजली, पंखे, रसोईघर तथा भोजन में उपयोग होने वाले मिर्च-मसालों की भी जांच की और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम प्रफुल रजक को वन विभाग के पुराने भवन को डिस्मेंटल कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
- “नया तालाब पार की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप: जनदर्शन में कलेक्टर से कार्रवाई की गुहार”… - March 11, 2026
- “सारंगढ़ में नए जिला पंचायत भवन का भूमिपूजन, गांव-गांव तक विकास की रफ्तार तेज करने का संकल्प”… - March 11, 2026
- “नारी शक्ति को सलाम: स्वच्छता, स्वावलंबन और सेवा में उत्कृष्ट महिलाओं का होगा भव्य सम्मान”… - March 11, 2026
