नारी शक्ति का सम्मान और जल संरक्षण का संदेश : सारंगढ़ मंडी प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य आयोजन…
सारंगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सारंगढ़ के मंडी प्रांगण में महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक विशेष और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिलाओं की सामाजिक भागीदारी, उनके अधिकारों तथा समाज और राष्ट्र के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप एवं सहायक अभियंता बी.एल. खरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत किया गया और उन्हें मंचासीन कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभी मुख्य अतिथियों ने बारी-बारी से अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतिथियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक, आर्थिक तथा शैक्षणिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित भी किया गया। ग्राम पंचायत अमलीपाली ‘ब’ की महिला सरपंच रत्ना निरंजन पटेल, ग्राम पंचायत बटाऊपाली ‘ब’ की महिला सरपंच फूलबाई सिदार तथा ग्राम पंचायत बोइरडीह की महिला सरपंच दामेश्वरी साहू को उनके सराहनीय कार्यों के लिए मुख्य अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्वसहायता समूहों, जल बहिनियों एवं समिति की महिला सदस्यों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों ने जल संरक्षण के महत्व पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी को जल की बचत, वर्षा जल संचयन तथा पानी के समुचित उपयोग के लिए जागरूक रहने का संदेश दिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक खेमेश गबेल, आशीष गवेल, संतोष राठौर तथा केमिस्ट के पद पर कार्यरत दिनेश कुमार साहू सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर “जल महोत्सव – गांव का उत्सव, देश का महोत्सव” अभियान का भी शुभारंभ किया गया, जो 8 मार्च से 22 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ पर्यावरण और जल संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया, जिससे उपस्थित महिलाओं और नागरिकों में जागरूकता और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
- प्रदेश साहू संघ की नई कार्यकारिणी घोषित, सारंगढ़ के पुरुषोत्तम साहू को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी… - March 9, 2026
- संस्कृत शिक्षा अनिवार्य कराने संस्कृत शिक्षक संघ ने उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा… - March 9, 2026
- आस्था और परंपरा का पर्व बांसोड़ा : अग्रवाल समाज ने श्रद्धा से मनाई शीतला सप्तमी… - March 9, 2026
