सारंगढ़-बिलाईगढ़। होली पर्व के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 28 फरवरी को शाम 4 बजे कलेक्टर कार्यालय सारंगढ़ के सभाकक्ष में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की उपस्थिति में कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला, नगर एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा पत्रकारगण शामिल होंगे।
इस बैठक में होली पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा होगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रतिनिधियों से समय पर उपस्थित होकर रचनात्मक सुझाव देने की अपील की है, ताकि होली का पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।


