सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कोसीर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश एवं खनि अधिकारी बजरंग पैकरा के मार्गदर्शन में जिला टास्क फोर्स ने संयुक्त अभियान चलाया।
राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं खनिज अमले की टीम ने तहसील सारंगढ़ के अंतर्गत कोसीर क्षेत्र में गौण खनिज रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 3 ट्रैक्टर (क्रमांक CG 22 K 2899, CG 06 GN 3005, CG 13 W 8871) तथा 1 ट्रैक्टर सोनालिका सोल्ड पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया। सभी वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना कोसीर के सुपुर्द किया गया है।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि खनिज संपदा की सुरक्षा के साथ-साथ राजस्व की हानि को रोका जा सके।


