रायगढ़/जिस ट्रक के नीचे बोरी ओढ़कर भिखारी ने पनाह ली, उसी वाहन का खूनी पहिया उसे रौंदते हुए निकल गया। यह दुखद हादसा शहर के जूटमिल चौकी क्षेत्र का है। घटना का सच जानने पुलिस अब सीसीटीवी की मदद ले रही है।

इस संबंध में चौकी प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे छातामुड़ा में उस समय सनसनी फैल गई, जब मुख्य मार्ग के किनारे एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। चूंकि, शव से खून भी निकल रहा था, इसलिए प्रथम दृष्ट्या स्पष्ट था कि वह किसी दुर्घटना का शिकार हुआ था। यही वजह रही कि व्यस्त इलाके में लावारिश लाश मिलने की खबर फैली तो घटना स्थल पर भीड़ जमा हो गई। वहीं, जागरूक युवाओं ने इसकी सूचना जूटमिल चौकी में दी हो तत्काल पुलिस भी वहां पहुंची।

वर्दीधारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि मृतदेह जहां पड़ा था, वहां रातभर एक ट्रक खड़ी थी और मौके पर उसके पहिए के निशान भी दिख रहे थे। इस बीच पता यह भी चला कि मृतक का नाम सोनू है और वह तकरीबन 45 साल का होगा। सोनू विगत 3 वर्ष से छातामुड़ा चौक में भीख मांगकर रहता था। सोमवार रात वह बोरी ओढ़कर सड़क किनारे खड़ी जिस ट्रक के नीचे जाकर सो गया, उसके चालक को इसकी भनक तक नहीं थी। यही वजह है कि सुबह जब ट्रक चालक अपनी गाड़ी को लेकर निकला तो उसके नीचे नींद में गाफिल सोनू की दबकर मौत हो गई। बहरहाल, जूटमिल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजते हुए अब घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है, ताकि असलियत का खुलासा हो सके।
- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
