सारंगढ़। अपनी अद्भुत कलाकृति के लिए देश की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होकर झरेका जनजाति का मान बढ़ाने वाली श्रीमती हीराबाई बघेल एवं मिनिकेतन बघेल ने प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। सारंगढ़ की पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर पहुंचकर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेंट की हस्तनिर्मित कलाकृति-
मुलाकात के दौरान हीराबाई बघेल ने अपने हाथों से निर्मित एक अनोखी और दुर्लभ कलाकृति राज्यपाल महामहिम रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को भेंट की। झरेका जनजाति की पारंपरिक कला की बारीकियों को देखकर सभी दिग्गज नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और कलाकार के कौशल की जमकर प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कलाकृतियां छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर मजबूती प्रदान करती हैं।
विधानसभा क्षेत्र का बढ़ाया मान, उज्ज्वल भविष्य की कामना-
पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर ने कहा कि हीराबाई और मिनिकेतन बघेल ने न केवल झरेका जनजाति बल्कि पूरे सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन किया है। शासन के शीर्ष नेतृत्व ने कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस सम्मान से अंचल के अन्य कलाकारों में भी हर्ष का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल ने जताया आभार-
इस महत्वपूर्ण भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री टीकाराम पटेल, श्री सीताराम पटेल, श्रीमती हीराबाई बघेल एवं मिनिकेतन बघेल शामिल रहे। सभी ने कलाकारों को प्रोत्साहित करने और सम्मान देने के लिए शासन-प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




