वार्षिक स्नेह सम्मेलन की धूम: शासकीय एल.पी. पाण्डेय महाविद्यालय में ‘सारंग भूमि’ पत्रिका का भव्य विमोचन…जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां…
सारंगढ़।
स्थानीय शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की शैक्षणिक व रचनात्मक उपलब्धियों की प्रतीक पत्रिका ‘सारंग भूमि’ का विमोचन अतिथियों के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं और शिक्षाविदों की गरिमामय उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यार्थी जीवन ही सफलता की नींव-संजय भूषण पांडेय
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिक स्नेह सम्मेलन जैसे आयोजन छात्र जीवन की स्मृतियों को संजोने के साथ-साथ प्रतिभा प्रदर्शन का सशक्त मंच होते हैं। उन्होंने अनुशासन, सतत परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता का मूल मंत्र बताया।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने दिया शिक्षा के साथ संस्कारों पर बल-
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति लला पटेल ने शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ‘सारंग भूमि’ जैसी पत्रिकाएं विद्यार्थियों की लेखन क्षमता और विचारशीलता को मंच देती हैं। वहीं क्षेत्रीय विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि महाविद्यालयीन शिक्षा समाज की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में निर्णायक भूमिका निभाती है।
वरिष्ठ नेताओं के अनुभव, युवाओं को प्रेरणा-
भाजपा महामंत्री हरिनाथ खूंटे ने युवाओं से आत्मनिर्भरता और कौशल विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता जगन्नाथ केशरवानी तथा भाजपा प्रवक्ता भुवन मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने महाविद्यालय की प्रगति और गौरवशाली परंपरा की सराहना करते हुए प्रबंधन, शिक्षकों और छात्र संघ को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
‘सारंग भूमि’ में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता-
महाविद्यालयीन पत्रिका ‘सारंग भूमि’ में विद्यार्थियों द्वारा रचित कविताएं, लेख और वर्षभर की शैक्षणिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का संकलन प्रस्तुत किया गया है। पत्रिका की विषयवस्तु और प्रस्तुति की अतिथियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
रंगारंग प्रस्तुतियों से सजी शाम
सम्मेलन के दौरान छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति और आधुनिक कला का सुंदर संगम देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर उत्सवी वातावरण में सराबोर रहा।
- छत्तीसगढ़:नकली सोना देकर 10 लाख रुपये की ठगी: खुदाई में गोल्ड मिलने का झांसा देकर रची थी साजिश, दो गिरफ्तार… - March 15, 2026
- पापमोचनी एकादशी पर जरूर करें इस कथा का पाठ, मिलेगा व्रत का पूरा फल… - March 15, 2026
- घर पर बनाएं बिहार का पारंपरिक चने की दाल का पराठा, देसी डिश खाकर सभी करेंगे तारीफ… - March 15, 2026
