सारंगढ़: पंचायत इंस्पेक्टर रामलाल जायसवाल का गरिमामय विदाई समारोह संपन्न, वक्ताओं ने सराही कार्यशैली…
सारंगढ़। जनपद पंचायत कार्यालय सारंगढ़ में पंचायत इंस्पेक्टर रामलाल जायसवाल के सेवानिवृत्ति पर एक भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने उनके लंबे सेवाकाल और कर्तव्यनिष्ठा की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
प्रेरणास्रोत रही जायसवाल जी की कार्यशैली-
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती ममता राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जायसवाल जी ने अपने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण की मिसाल पेश की है। उनकी कार्यशैली अन्य कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगी। उन्होंने जायसवाल जी के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सहज व्यक्तित्व और कुशलता की प्रशंसा
विशिष्ट अतिथि एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण मालाकार ने उनके 2011 से अब तक के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि वे न केवल एक कर्मठ कर्मचारी रहे, बल्कि एक बेहतरीन इंसान के रूप में उन्होंने सबका दिल जीता। वहीं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) राधेश्याम नायक ने निर्वाचन कार्यों के दौरान उनके संयम और व्यवहारिक कुशलता की विशेष रूप से सराहना की।
भावुक क्षण: ‘अनजाने में हुई गलती के लिए क्षमा प्रार्थी हूँ’-
अपने विदाई भाषण में रामलाल जायसवाल भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी सेवा यात्रा का विवरण देते हुए कहा:
”1987 में मैंने शासकीय सेवा शुरू की, 2007 में अंकेक्षण अधिकारी बना और 2011 से निरंतर सारंगढ़ जनपद में सेवा दे रहा हूँ। इस स्नेह के लिए मैं सभी का आभारी हूँ और यदि अनजाने में कोई त्रुटि हुई हो, तो उसके लिए क्षमा प्रार्थी हूँ।”
स्मृति चिन्ह देकर दी गई विदाई-
समारोह के अंत में जनपद के कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में 20 से अधिक जनपद सदस्य, पंचायत सचिव, उपसंचालक समाज कल्याण विनय तिवारी, पीओ युवराज पटेल, उप अभियंता पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।

- छत्तीसगढ़:नकली सोना देकर 10 लाख रुपये की ठगी: खुदाई में गोल्ड मिलने का झांसा देकर रची थी साजिश, दो गिरफ्तार… - March 15, 2026
- पापमोचनी एकादशी पर जरूर करें इस कथा का पाठ, मिलेगा व्रत का पूरा फल… - March 15, 2026
- घर पर बनाएं बिहार का पारंपरिक चने की दाल का पराठा, देसी डिश खाकर सभी करेंगे तारीफ… - March 15, 2026
