रायगढ़ में बिचौलियों पर प्रशासन का ‘हंटर’: 1.35 लाख क्विंटल अवैध धान जब्त..पुसौर बना तस्करी का एपिसेंटर..
रायगढ़: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के महाभियान के बीच रायगढ़ जिला प्रशासन ने कोचियों और अवैध कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। जिले में 11 अक्टूबर से शुरू हुई निगरानी के बाद अब तक 1 लाख 35 हजार क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त कर प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों के लिए यहाँ कोई जगह नहीं है। 31 जनवरी को खरीदी का अंतिम दिन है, लेकिन उससे पहले हुई इस रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई ने राइस मिलर्स और बिचौलियों में हड़कंप मचा दिया है।
पुसौर में सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: –
ओडिशा बॉर्डर से सेंधमारी नाकाम
अवैध धान के खेल में इस बार पुसौर ब्लॉक सबसे हॉटस्पॉट बनकर उभरा है। ओडिशा की सीमा से लगे होने के कारण तस्करों ने यहाँ सबसे ज्यादा सेंध लगाने की कोशिश की। आंकड़ों की मानें तो अकेले पुसौर में 44 प्रकरणों में 65,035 क्विंटल धान जब्त किया गया है। यह जिले की कुल जब्ती का लगभग आधा हिस्सा है, जो बताता है कि सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन की चौकसी कितनी सख्त रही है।
राइस मिलों के ‘स्टॉक’ का खुला खेल-
कार्रवाई केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि बड़े-बड़े राइस मिलों के गोदामों तक भी पहुँची। जांच में पाया गया कि कई मिलर्स ने अवैध धान का ‘पहाड़’ खड़ा कर रखा था:
1- कृष्णा राइस मिल (सहदेवपाली): यहाँ स्टॉक में भारी गड़बड़ी मिली और 58,284 बोरी धान जब्त किया गया।
2- बालाजी राइस मिल (खरसिया): यहाँ 57,677 बोरी अवैध धान का जखीरा मिला।
3- शुभ राइस इंडस्ट्रीज (सुरीं): यहाँ भी 30,100 बोरी धान पर जब्ती की गाज गिरी।
चेकपोस्ट पर ‘घेराबंदी’ और वाहनों की धरपकड़-
प्रशासन ने जिले की सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया था। 10 अंतर्राज्यीय और 14 अंतर-जिला चेकपोस्ट की मुस्तैदी का ही परिणाम है कि 21 बड़े मामले सीधे बॉर्डर पर पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान 38 वाहनों को राजसात किया गया और 200 से अधिक शातिर कोचियों व बिचौलियों के खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
धान खरीदी के समापन से ठीक पहले प्रशासन की यह मुस्तैदी उन किसानों के हक की रक्षा है, जो पसीने की कमाई को ईमानदारी से बेचना चाहते हैं। कलेक्टर के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई ने यह संदेश दे दिया है कि ‘अवैध आवक’ पर लगाम कसने के लिए सिस्टम पूरी तरह तैयार है।


- छत्तीसगढ़:नकली सोना देकर 10 लाख रुपये की ठगी: खुदाई में गोल्ड मिलने का झांसा देकर रची थी साजिश, दो गिरफ्तार… - March 15, 2026
- पापमोचनी एकादशी पर जरूर करें इस कथा का पाठ, मिलेगा व्रत का पूरा फल… - March 15, 2026
- घर पर बनाएं बिहार का पारंपरिक चने की दाल का पराठा, देसी डिश खाकर सभी करेंगे तारीफ… - March 15, 2026
