मुरादाबाद। मानसिक, घरेलू एवं औलाद न होने जैसी परेशानियां दूर करने का झांसा देकर युवती की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले तांत्रिक को शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का कहना है कि वह इस तरह के अपराध में पहली बार में ही फंस गया।
यह है पूरा मामला
सीओ कोतवाली सुनीता दहिया ने बताया कि 13 जून को पटपट सराय की रहने वाली युवती ने शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। युवती ने बताया था कि उसकी दोस्त शानू के मोबाइल पर फोन आया।
फोन पर बातचीत करने वाले ने अपना नाम कबीर बाबा बताया था। कबीर बाबा ने शानू को कहा था कि वह मानसिक-घरेलू-औलाद ना होना, जैसी परेशानियों से ग्रस्त महिलाओं का इलाज करता है। उनकी परेशानियां दूर करने के लिए विशेष पूजा कराता है।
विशेष पूजा कराने की बात कही
शानू ने अपनी दोस्त पीड़ित युवती का नंबर देकर बात करने के लिए कहा था। युवती ने तांत्रिक को फोन किया तो उसने समस्याएं दूर कराने के लिए विशेष पूजा कराने को कहा। 30 हजार रुपये का खर्चा बताया। 15 हजार ऑनलाइन ही एडवांस ले लिए।
युवती से कहा कि तुमको अपने पूरे शरीर पर नींबू लगाने हैं। वीडियो कॉल पर मैं पूजा का तरीका बताऊंगा। आरोप है कि इसके बाद तांत्रिक ने वाट्सएप पर वीडियो कॉल की। अपने तरफ अंधेरा रखा। युवती के मोबाइल का कैमरा खुलवाकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली।
इसके बाद उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर रुपयों की मांग करके ब्लैकमेल करने का प्रयास करने लगा।
प्रभारी निरीक्षक उषा मलिक ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान आरोपी का नाम पता मिल गया। उपनिरीक्षक गौरव कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है। इसी मोबाइल में युवती की अश्लील वीडियो भी है।
पंजाब के तांत्रिक दानिश का चेला है कबीर बाबा
प्रभारी निरीक्षक उषा मलिक ने बताया कि आरोपी मेरठ के मवाना के मोहल्ला तेहाई का रहने वाला मोहम्मद आकिब है, जो खुद को कबीर बाबा बताता है। वह पंजाब में तंत्र विद्या के माध्यम से लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले दानिश का चेला है।
मोहम्मद आकिब हाई स्कूल तक पढ़ा लिखा है। वह फोन पर अपना नाम कबीर बाबा बताता है। उसका कहना है कि लंबे समय तक पंजाब के तांत्रिक दानिश के पास रहा है।
दानिश से ही उसने ठगी का तरीका सीखा था। वह पूजा अर्चना कराकर महिलाओं की परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाने के बाद अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता है।
मोहम्मद आकिब ने बताया कि वह तो पहली बार में ही फंस गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फिर भी इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि किसी अन्य घटना में तो यह शामिल नहीं है। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भिजवा दिया गया है।
- सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आध्यात्मिक मूल्यों की मिसाल पेश कर रहा मनसा नर्सिंग होम..नौ दिवसीय गणेशोत्सव का भव्य समापन, ‘बप्पा’ को भावभीनी विदाई..डॉक्टरों व स्टाफ ने की क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना.. - September 22, 2026
- MP-CG की सहमति के बाद भी नहीं मिला एरियर, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 17 दिसंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन… - September 22, 2026
- छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में बंपर नियुक्तियों के अवसर, व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती, जानिए पूरी खबर… - September 22, 2026
