Lok Sabha Elections 2024 खरगे, सोनिया, राहुल और प्रियंका स्टार प्रचारकों में शामिल, छत्तीसगढ़ में करेंगे प्रचार…
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा उन 40 स्टार प्रचारकों में शामिल हैं, जो छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।
कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई ने शनिवार को स्टार प्रचारकों की सूची साझा की, जिसमें पार्टी के राज्य प्रभारी सचिन पायलट, रजनी पाटिल और तीन मुख्यमंत्रियों सिद्धरमैया (कर्नाटक), सुखविंदर सिंह सुक्खू (हिमाचल प्रदेश) और रेवंत रेड्डी (तेलंगाना) के नाम भी शामिल हैं।
राज्य की 11 लोकसभा सीट के लिए तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को चुनाव होंगे और मतों की गिनती चार जून को होगी। सूची में अन्य प्रमुख नेताओं कुमारी शैलजा, राज बब्बर, भक्त चरण दास, इमरान प्रतापगढ़ी और कन्हैया कुमार के नाम भी शामिल हैं। स्टार प्रचारकों के रूप में राज्य के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, विपक्ष के नेता डॉक्टर चरण दास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और राज्य के छह पूर्व मंत्री शामिल हैं।
राज्य में पिछले वर्ष हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस से सत्ता छीन ली थी। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 90 सीट में से 54 पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस 35 सीट और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) एक सीट जीतने में कामयाब रही। राज्य में लोकसभा की 11 सीट हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने सभी 11 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
भाजपा ने जहां सभी सीट जीतने का लक्ष्य रखा है, वहीं कांग्रेस को पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (राजनांदगांव लोकसभा सीट), पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू (महासमुंद), कवासी लखमा (बस्तर), शिव कुमार डहरिया (जांजगीर-चांपा) और विधायक देवेन्द्र यादव (बिलासपुर) का चुनाव मैदान में उतारा है।
राज्य में नक्सल प्रभावित बस्तर (एसटी) लोकसभा क्षेत्र में 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा, जबकि तीन अन्य निर्वाचन क्षेत्रों महासमुंद, राजनांदगांव और कांकेर (एसटी) में 26 अप्रैल को मतदान होगा। शेष सात सीट रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ (एसटी), कोरबा, जांजगीर-चांपा (एससी) और सरगुजा (एसटी) पर सात मई को अंतिम चरण में मतदान होगा। साल 2000 में राज्य निर्माण के बाद हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा ने तीन बार 2004, 2009 और 2014 में 11 में से 10 लोकसभा सीट जीती थीं। साल 2019 में भाजपा नौ सीट जीतने में कामयाब रही।
- कलेक्टर का औचक छापा: रेशम-उद्यान विभाग में मचा हड़कंप, किसानों को जोड़ने और उत्पादन बढ़ाने के सख्त निर्देश…. - March 19, 2026
- थाना प्रभारी प्रमोद यादव की सटीक रणनीति का कमाल: 125 किलो गांजा जब्त, 5 तस्कर सलाखों के पीछे… - March 19, 2026
- सारंगढ़ बिलाईगढ़ :शौचालय निर्माण में ‘स्वच्छता’ गायब…कागजों पर पूर्ण, जमीन पर अपूर्ण, आधा दर्जन इंजीनियर नपे! - March 19, 2026
