छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले की पुलिस ने पिछले महीने से लापता एक आरटीआई कार्यकर्ता का जला हुआ कंकाल बरामद किया है. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.गिरफ्तार लोगों में गांव का एक सरपंच भी है.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चारों से पूछताछ की जा रही है.आरोपियों ने अपराध को छुपाने के लिए सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता की मोटरसाइकिल को तीन हिस्सों में काटकर जंगल में जमीन के नीचे गाड़ दिया था.

कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि जिले के स्थानीय अखबार में काम करने वाले पत्रकार और आरटीआई कार्यकर्ता विवेक चौबे (32) का जला हुआ कंकाल चिल्फी थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद किया गया है. सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में बोक्करखार गांव के सरपंच अमित यादव, ग्रामीण नंदलाल मेरावी, सुखसागर यादव और जगदीश धुर्वे को गिरफ्तार कर लिया है.
16 नवंबर को पुलिस में शिकायत की थी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि चौबे के परिजनों ने 16 नवंबर को पुलिस में शिकायत की थी कि चौबे 12 नवंबर को कवर्धा शहर में अपने घर से निकले और फिर वापस नहीं लौटे. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और चौबे की खोजबीन शुरू की गई. सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चौबे को आखिरी बार जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र के कुंडापानी गांव की ओर जाते हुए देखा गया था. इसके बाद पुलिस ने इलाके में उनकी तलाश शुरू की.
जांच के लिए टीम का गठन किया था
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चिल्फी क्षेत्र छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश की सीमा पर है और नक्सल प्रभावित है. इसे ध्यान में रखते हुए इस मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया. साथ ही चौबे की सूचना देने वाले को नगद इनाम देने घोषणा की गई. सिंह ने बताया कि इस दौरान मामले के आरोपियों में से एक, बोक्करखार गांव के सरपंच अमित यादव ने भी चौबे की सूचना देने पर नगद इनाम की घोषणा की. इससे पुलिस को यादव पर शक हुआ. उन्होंने बताया कि बाद में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कुंडापानी गांव के पास जंगल से जला हुआ मानव कंकाल बरामद किया. कंकाल का परीक्षण कराने के बाद जानकारी मिली कि वह एक व्यस्क पुरूष का है.
- मेहनतकशों को मिला सम्मान: मजदूर दिवस पर श्रमिकों के चेहरे खिले, अभामा महिला सम्मेलन की अनोखी पहल… - May 2, 2026
- फ्लाइएश ओवरलोडिंग पर बड़ा एक्शन: 4 वाहनों से 1.26 लाख वसूली, 20 अन्य पर भी चली कार्रवाई… - May 2, 2026
- 16-17 मई को होगा भाजपा का मेगा प्रशिक्षण वर्ग, तैयारी बैठक में दिखा जबरदस्त उत्साह… - May 2, 2026
