तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर जल्द ही ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम से जुड़ेंगे जबकि दीपक चाहर पीठ की चोट के कारण आगामी टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं।
चाहर स्टैंडबाय खिलाड़ियों में शामिल थे और माना जा रहा था जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में उन्हें मुख्य टीम में शामिल किया जा सकता है लेकिन पता चला है उनकी पीठ की चोट को ठीक होने में अभी कुछ समय लगेगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने कहा,” दीपक को फिट होने में कुछ समय लगेगा। उनका पीठ दर्द फिर से उभर गया है। उनका टखना ठीक है और उसमें कोई समस्या नहीं है। इसलिए बीसीसीआई तीन खिलाड़ियों मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर को ऑस्ट्रेलिया भेज रहा है।”
चाहर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 श्रृंखला में हिस्सा लिया था लेकिन पीठ दर्द उबरने के कारण वह वनडे श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे। वह उपचार के लिए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) चले गए थे। भारत के पास जसप्रीत बुमराह की जगह नए खिलाड़ी का चयन करने के लिए 15 अक्टूबर तक का समय है और इसलिए टीम प्रबंधन इन तीनों तेज गेंदबाजों की फिटनेस का आकलन करना चाहता है।
सही समय पर आस्ट्रेलिया पहुंचने से उन्हें वहां की परिस्थितियों से तालमेल बिठाने में भी मदद मिलेगी ताकि जब उनकी जरूरत पड़े तो वह खेलने के लिए तैयार रहें। शमी अपने अनुभव के कारण टीम में जगह बनाने की दौड़ में सबसे आगे हैं लेकिन सिराज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल में समाप्त हुई वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया था जिसमें उन्हें श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।
सिराज ने तीन मैचों में पांच विकेट लिए थे। इनमें से तीन विकेट उन्होंने रांची में दूसरे वनडे में हासिल किए थे। शार्दुल अपनी ऑलराउंड क्षमता के कारण दावेदार हैं लेकिन उनके स्टैंडबाय सूची में ही रहने की संभावना है। रवि बिश्नोई और श्रेयस अय्यर की फिलहाल ऑस्ट्रेलिया जाने की संभावना नहीं है।
- चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कल सभी स्कूल बंद.. - October 29, 2026
- 14 श्रद्धालु करेंगे अमृतसर-वैष्णो देवी के दर्शन, 2 नवंबर तक आवेदन… - October 29, 2026
- कोसीर में नकली नोटों का खेल बेनकाब, 2 आरोपी गिरफ्तार… - October 29, 2026
