दिल्ली के आनंद विहार पुलिस थाने में घुसकर एक हेड कांस्टेबल की कथित तौर पर पिटाई करने के लिए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जबकि दूसरे को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (29) के तौर पर की गई है। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को रात लगभग साढ़े 11 बजे कड़कड़डूमा गांव में एक महिला की जंजीर छिनने और उससे मारपीट की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि मामला गांव की आंचल बक्शी और अजय के बीच का है।
पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) आर. साथिया सुंदरम ने बताया कि अजय नशे की हालत में था और पुलिस उसे अपने साथ थाने ले आई, तभी उसका भाई सतीश और अन्य थाने पहुंचे और पुलिसकर्मियों को उकसाने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने हेड कांस्टेबल को थाने में ही घेर लिया और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की।




