सारंगढ़। शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर पान-पानी-पाँलगी की पावन धरा सारंगढ़ में मां दुर्गा की भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर के प्रतापगंज स्थित भव्य दुर्गा पंडाल में माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दिनभर और देर रात तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। भक्तों की भारी भीड़ और पंडाल की भव्य सजावट से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
प्रतापगंज स्थित माता रानी का दरबार अपनी धार्मिक परंपरा और आकर्षक सजावट के लिए विशेष पहचान रखता है। वर्ष 1998 में पार्षद नंदकिशोर गोयल एवं सरिता गोयल की मुख्य जजमानी में शुरू हुए इस आयोजन ने वर्ष 2026 में 28 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस वर्ष राजकमल अग्रवाल माता रानी के मुख्य जजमान के रूप में विराजमान हैं। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
प्रतापगंज दुर्गा पंडाल को आकर्षक विद्युत सजावट से भव्य रूप दिया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता पंडाल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वहीं मां दुर्गा का सौम्य और करुणामयी स्वरूप भक्तों के मन में श्रद्धा और भक्ति का भाव जगा रहा है। माता रानी के दर्शन के लिए रातभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा वातावरण जय माता दी के जयकारों से गुंजायमान रहा।
महानवमी के पावन अवसर पर प्रतापगंज माता रानी के दरबार में महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सेवा, समर्पण और श्रद्धा से जुड़े इस आयोजन ने नवरात्रि की खुशियों को और भी खास बना दिया।
नौ दिनों तक चले भक्ति और आराधना के महापर्व का समापन विजयादशमी के साथ होगा। मां दुर्गा की विदाई की बेला नजदीक आते ही श्रद्धालुओं के मन में जहां उत्सव की पूर्णता का भाव है, वहीं मां से बिछड़ने की भावुकता भी दिखाई दे रही है। प्रतापगंज का यह दुर्गा दरबार एक बार फिर आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए सारंगढ़ की धार्मिक पहचान को और मजबूत कर रहा है।

- प्रतापगंज दुर्गा पंडाल में उमड़े कांग्रेसी दिग्गज, महाभंडारे में हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद… - October 20, 2026
- शीतला मंदिर के बोर्ड पर बवाल, यादव समाज ने की कार्रवाई की मांग… - October 20, 2026
- प्रतापगंज दुर्गा दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 28 साल की परंपरा… - October 20, 2026
